इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के एक प्रोफेसर भी दिल्ली के निजामुद्दीन तब्लीगी जमात में हुए थे शामिल

प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के एक प्रोफेसर भी दिल्ली के निजामुद्दीन तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे। बुधवार रात जानकारी होने पर पुलिस उनके घर पहुंची और पूछताछ के बाद उन्हें करेली के महबूबा गेस्ट हाउस में     क्वरेंटाइन कर दिया। इसमें खास बात यह भी है कि विश्वविद्यालय के करीब 144 छात्र-छात्राएं और कई प्रोफेसर भी इनके संपर्क में आए थे, जिनकी तलाश शुरू हो गई है। उधर फूलपुर में धार्मिक गतिविधि के प्रचार के लिए आकर घरों में छिपे 11 धर्मगुरुओं को पुलिस ने छापा मारकर पकड़ लिया। सभी को क्वरेंटाइन कर दिया गया है।
 दिल्‍ली से लौटने के बाद इविवि की परीक्षा कराने में रहे शामिल:

प्रोफेसर शिवकुटी थाना क्षेत्र के एक मुहल्ले में रहते हैं। एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रोफसर छह से दस मार्च तक दिल्ली के तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे। इसके बाद प्रयागराज लौटे। यहां आने पर विश्वविद्यालय में 12 व 16 मार्च की आयोजित परीक्षा में शामिल हुए। दोनों ही परीक्षाओं में कुल 144 परीक्षार्थी थे। उनके संपर्क में विभाग का स्टाफ, परीक्षा से जुड़े व दूसरे विभाग के भी कई प्रोफेसर संपर्क में आए थे।
पहले भी पुलिस ने की थी पूछताछ, तब प्रोफेसर से जमात में शामिल होने से किया था इन्‍कार:
एसपी सिटी ने यह भी बताया कि प्रोफेसर से पहले भी कई बार पूछताछ हुई थी, लेकिन उन्होंने जमात में शिरकत करने की बात कबूल नहीं की। बुधवार रात कुछ साक्ष्य मिले तो उनसे दोबारा पूछताछ की गई तो पूरी जानकारी मिली। उन्हें  क्वरेंटाइन कर दिया गया है और परिवार के सदस्यों को भी क्वरेंटाइन किया जाएगा। प्रोफेसर के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत मुकदमा भी कायम किया जाएगा।










Comments