शहीद पुष्पेंद्र सिंह की प्रतिमा का हुआ अनावरण

जागरण: मथुरा, गोवर्धन के गांव खुटिया में रविवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह  ने शहीद पुष्पेंद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। खुटिया निवास पुष्पेंद्र सिंह 13 अगस्त 2018 को जम्मू-कश्मीर के तंगधार सेक्टर की नियंत्रण रेखा पर आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। 



 मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में पहुँचे पूर्व विधायक ठाकुर कारिंदा सिंह ने कहा कि शहीद राष्ट्र की अनमोल धरोहर हैं और हमें शहीदों को पूरा मान सम्मान देना चाहिए। प्रमुख समाजसेवी प्रीतम सिंह ने कहा कि मथुरा जनपद में खुटेल पट्टी वीरों की खान है और यहां के कई सैनिक देश की सरहदों पर भारत मां की सेवा में तैनात हैं।

 ग्राम प्रधान डॉक्टर देवेंद्र सिंह ने कहा कि आर्मी में तैनात पुष्पेंद्र सिंह महान देशभक्त थे, जिन्होंने भारत मां की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की बलि दी। उन्होंने कहा कि ऐसे महान देशभक्तों पर हमें न केवल गर्व है, बल्कि युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए तथा सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा करनी चाहिए।

 वहीं जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने सेना के शहीद जवान पुष्पेन्द्र सिंह को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है. उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले इस वीर सपूत को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने शहीद जवान के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पुष्पेन्द्र सिंह के परिजनों व ग्रामीणों द्वारा शहीद स्मारक और स्टेडियम की बात को लेकर भी जल्द बनवाने का आश्वासन दिया। 

मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में पहुंची शाहिद पुष्पेंद्र सिंह की पत्नी सुधा देवी शहीद स्मारक के चारों ओर लगी बाउंड्री को लेकर नाराज दिखाई दी उन्होंने चारों ओर हो रही बाउंड्री को लेकर भी शासन प्रशासन से हटाने की मांग की।


रिपोर्ट:- राजू कश्यप, मथुरा

Comments

Popular Posts